कठुआ। जिला विकास परिषद सदस्य नगरी संदीप मजोत्रा ने उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्हें क्षेत्र की समस्याओं से अवगत करवाया और समाधान की मांग की। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और ग्रामीण विकास के बुनियादी ढांचे को लेकर भी मंत्री का ध्यान आकर्षित किया।
मजोत्रा ने बताया कि नगरी विकास के लिहाज से काफी पिछड़ा क्षेत्र है। उपमुख्यमंत्री के समक्ष खोख्याल से नगरी सड़क का विस्तारीकरण, खोख्याल चैक डेम के शेष कार्य को पूरा करने, जराई से कठुआ सड़क पर पुलिया की मांग के साथ साथ नगरी परोल के लिए डिग्री कॉलेज, मिडिल स्कूलों का दर्जा हाई स्कूल किए जाने और गरीब लोगों के बिजली बिल माफ करने की मांग रखी गई। संदीप ने बताया कि आवास प्लस के तहत लाभार्थियों के लिए सहायता राशि में वृद्धि का मामला भी उपमुख्यमंत्री के समक्ष उठाया गया है। उन्होंने क्षेत्र में चल रही परियोजनाओं में हुई प्रगति पर प्रकाश डाला और लंबित कार्यों में तेजी लाने की आवश्यकता पर बल दिया। उपमुख्यमंत्री ने पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया ।