बिलावर। भड्डू गांव के खेल मैदान में मंगलवार को भड्डू प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता जारी रही। मंगलवार को खेले गए मैच में धर्मकोट की टीम ने फ्लाइंग ईगल किशनपुर की टीम को 52 रन से हराकर प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश कर लिया।
धर्मकोट की टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और निर्धारित 18 ओवर के मैच में धर्मकोट की टीम के बल्लेबाजों ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट गंवाकर 150 रन बनाए। धर्मकोट के बल्लेबाज सोनू ने सर्वाधिक 48 रन बनाए वहीं बल्लेबाज जोगिंदर ने 14 गेंद खेलकर ताबड़तोड़ 30 रनों का योगदान दिया। फ्लाइंग ईगल किशनपुर के गेंदबाज इनायत हुसैन ने दो विकेट लिए। 151 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फ्लाइंग ईगल किशनपुर की टीम के बल्लेबाज अच्छी बल्लेबाजी नहीं कर सके । 14.5 ओवर में किशनपुर की टीम 98 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। धर्मकोट की टीम ने 52 रन से मैच जीत कर प्रतियोगिता के अगले दौर में जगह बना ली। किशनपुर के बल्लेबाज अभिषेक मेहरा ने सर्वाधिक 32 रन बनाए वहीं धर्मकोट के गेंदबाज बलविंदर ने चार विकेट चटकाए। मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए धर्मकोट के गेंदबाज बलविंदर को मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया