कठुआ। जम्मू-कश्मीर बोर्ड सहित केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं। ऐसे में विषय विशेषज्ञ के रूप में नगरी हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य जितेंद्र सेठी ने विद्यार्थियों को तनाव से दूर रहने और गणित में अच्छे नंबर लाने के टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी गणित से डरें नहीं बल्कि दोस्ती कर लें। इससे तनाव नहीं होगा।
जितेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि गणित व्यावहारिक विषय है। इसके लिए विशेष रूप से परीक्षा से पहले अंतिम क्षणों में केंद्रित अभ्यास की आवश्यकता होती है। जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड की 10वीं कक्षा की परीक्षा 10 मार्च को और 12वीं कक्षा की छह मार्च को होनी है। अब एक महीने से भी कम समय बचा है। लिहाजा विद्यार्थियों को उनके परिणाम को बेहतर बनाने के लिए अधिकतम प्रयास करने की जरूरत है।
विद्यार्थियों को दिए ये सुझाव
-विद्यार्थी बीजगणित, कैलकुलस, ज्यामिति, त्रिकोणमिति और सांख्यिकी के सूत्र याद करें, त्वरित सूत्र पत्रक तैयार करें
-गत वर्षों के प्रश्न पत्रों का अभ्यास करें। इनके प्रारूप और प्रश्न प्रकार को समझने के लिए पेपर हल करें
-विद्यार्थियों पहले महत्वपूर्ण विषयों पर ध्यान दें।
-सैंपल पेपर और मॉक टेस्ट हल करें
-संदेह की स्थिति में उसे शिक्षकों से पूछकर तुरंत समाधान करें
-कठिन अवधारणाओं पर समय बर्बाद न करें
-जटिल समस्याओं को हल करने के लिए अवधारणाओं को लागू करने का अभ्यास करें
-परीक्षा की तैयारियों में गलतियों से सीखें, इन्हें सुधारें
-उन मुश्किल समस्याओं को हल करें जहां अतीत में अंक खो दिए हैं
-आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए पहले आसान प्रश्नों को हल करें