कठुआ। एडीसी बसोहली ने देर रात उप जिला चिकित्सालय तथा अटल सेतु पर स्थित फॉरेस्ट चेक पोस्ट, पुलिस पोस्ट का औचक निरीक्षण किया। सबसे पहले अधिकारी उप जिला चिकित्सालय पहुंचे। यहां उन्होंने नाइट ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों के ड्यूटी रोस्टर के साथ साथ पैरामेडिकल स्टाफ की हाजिरी जांची।
एडीसी ने सुविधाओं को लेकर मरीजों और तीमारदारों से भी बात की। उन्होंने लैबोरेटरी तथा चिकित्सालय की साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बीएमओ बसोहली रजनीश शर्मा को अस्पताल प्रबंधन और मरीजों की सुविधाओं को लेकर निर्देश जारी किए।
इसके बाद एडीसी ने अटल सेतु पर स्थित फॉरेस्ट चेकपोस्ट तथा पुलिस पोस्ट का भी निरीक्षण किया तथा हाजिरी रजिस्टर की जांच की। अधिकारी ने पुलिस और वन विभाग की चेक पोस्ट पर उपस्थित कर्मचारियों एवं अधिकारियों को बताया कि यह सर्कुलर जारी कर दिया गया है कि रात के समय लकड़ी को कहीं ले जाना प्रतिबंधित है। ऐसे में चेकपोस्ट से गुजरने वाले प्रत्येक वाहन की जांच करें तथा रात के समय कोई भी वाहन लकड़ी लेकर आता-जाता नजर आता है तो उस वाहन को जब्त कर लें। उन्होंने गैरकानूनी गतिविधि में संलिप्त पाए गए किसी भी व्यक्ति को हिरासत में लेने के निर्देश दिए।