कठुआ। जिले की दूर दराज बनी सब डिवीजन से नव निवार्चित निर्दलीय विधायक डॉ. रामेश्वर सिंह ने जम्मू कश्मीर में नेशनल कांफ्रेंस को बाहरी समर्थन दे दिया है। वीरवार को डॉ. रामेश्वर नेशनल कांफ्रेंस की श्रीनगर में आयोजित बैठक में शामिल हुए। इसके बाद डॉ. फारूक अब्दुल्ला से उनके आवास पर भी मुलाकात की।
ऐसा माना जा रहा है कि नेशनल कांफ्रेंस की पूर्ण बहुमत सरकार बनने के बाद जम्मू संभाग से कठुआ जिले में बनी को भी सरकार में प्रतिनिधित्व का मौका मिल सकता है। डॉ. रामेश्वर ने हालांकि साफ किया है कि केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद जम्मू कश्मीर के नए नियमों के तहत कोई भी प्रतिनिधि जीतने के बाद दूसरे दल में शामिल नहीं हो सकता है। उन्होंने केवल बाहरी समर्थन के साथ बनी क्षेत्र की भलाई के लिए सरकार बनाने को तव्वजो दी है।
डॉ. रामेश्वर सिंह ने बताया कि वीरवार की बैठक में सरकार बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई है। दशहरे के बाद सरकार बनना तय है। जिला कठुआ से सरकार बनाने में समर्थन के पीछे क्षेत्र का रुका हुआ विकास और यहां की आवाज को सरकार के सामने रखना भी एक कारण है। उन्होंने बताया कि दस साल बाद जम्मू कश्मीर में सरकार बनेगी तो लोगों की आकांक्षाओं के अनुरूप काम होगा। बनी के लोगाें की भी भारी उम्मीद है कि क्षेत्र से जीते प्रतिनिधि को सरकार के मंत्रालय में जगह मिले। यह बनी की बेहतरी के लिए फैसला है।