बिलावर। धार डुगनू इलाके में मिनी बसों की सही समय सारिणी बनाने की मांग को लेकर स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों का शिष्टमंडल एडीसी बिलावर विनय खोसला से उनके कार्यालय में मिला। उन्होंने कुंड इलाके से बिलावर के लिए सुबह 7:30 बजे मिनी बस चलाने की मांग की।
शिष्टमंडल मे मौजूद लोग ने अधिकारी को बताया कि अप्पर धार डूगनु के कुंड गांव से बिलावर उप मंडल मुख्यालय की तरफ आने जाने वाली मिनी बसों की कोई भी समय सारणी नहीं है। लोगों ने अधिकारी को बताया कि हर दिन कुंड गांव से बिलावर के लिए सुबह 6:30 बजे मिनी बस चलती थी जो पिछले कई दिनों से नहीं चल रही है। नतीजतन दूर दराज इलाके के 50 से अधिक विद्यार्थी सही समय पर स्कूल और कॉलेज नहीं पहुंच पाते हैं।
उन्होंने कहा कि हर दिन इस क्षेत्र के कई विद्यार्थी आईटीआई भड्डू ,गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज बिलावर, बीएड कॉलेज और बिलावर कस्बे में स्थित कई सरकारी और निजी स्कूलों में पढ़ाई करने के लिए जाते हैं, लेकिन सही समय पर मिनी बस उपलब्ध न होने के कारण विद्यार्थी सही समय पर स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बिलावर से कुंड इलाके की दूरी वाया हौटार 27 किलोमीटर है और सरकार की ओर से जारी किए गए आदेश के अनुसार 27 किलोमीटर का 33 रुपये किराया है लेकिन लोगों से मिनी बस के कंडक्टर 50 रुपये से अधिक किराया वसूलते हैं जो सही नहीं है। लोगों ने अधिकारी से मांग की के कुंड इलाके से बिलावर के लिए सुबह 7:30 बजे मिनी बस चलाई जाए ताकि इलाके के लोगों के साथ-साथ विद्यार्थी सही समय पर स्कूल और कॉलेजों में पहुंच सके।
आज से हर दिन सुबह 7:30 बजे बस चलेगी : एडीसी
एडीसी ने लोगों को आश्वस्त किया कि समस्या का समाधान किया जाएगा। अधिकारी ने निर्देश दिए कि शनिवार से हर दिन सुबह 7:30 बजे से कुंड गांव से बिलावर के लिए मिनी बस चलाई जाएगी। इस मौके पर हंसराज मजडियाल, सुनील कुमार शर्मा, मनोहर लाल, देशराज, रमेश चंद्र और स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ाई करने वाले लगभग 50 विद्यार्थी मौजूद रहे।