बिलावर। डिंगी सिम्वली गांव में मोबाइल सिग्नल की समस्या से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मोबाइल सेवा अकसर प्रभावित रहती है। इससे ग्रामीण अपने सगे संबंधियों से बात नहीं कर पाते हैं और विद्यार्थी ऑनलाइन पढ़ाई नहीं कर पाते हैं।
मक्खन मंगलुरिया, रामपाल, बलबीर सिंह, राजपाल, अंकु वर्मा, सनी और सुमन गुप्ता ने बताया के रात के समय किसी प्रकार की घटना होने या किसी संदिग्ध के दिखाई देने पर स्थानीय लोग सुरक्षा बलों को सूचना नहीं दे पाते हैं। बात करते समय अक्सर फोन कट जाता है ।उन्होंने कहा कि सरकार डिजिटल इंडिया बनाने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन पिछले कई वर्षों से उनके गांव के लोग मोबाइल सिग्नल की समस्या से जूझ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले 8 वर्षों से स्थानीय गांव के लोग मोबाइल सिग्नल की समस्या से परेशान हैं और आज तक उनके गांव में सरकारी या किसी भी निजी कंपनी का कोई भी टावर स्थापित नहीं किया गया। इसकी वजह से 5000 से अधिक उपभोक्ताओं को सही सिग्नल नहीं मिल पाता है। लोग ऑनलाइन सेवाओं का फायदा नहीं ले पा रहे हैं। कई बार इस संबंध में उपभोक्ताओं ने सरकार से और निजी कंपनियों से मांग की कि उनके गांव में मोबाइल टावर स्थापित किया जाए, लेकिन किसी भी सरकारी या निजी कंपनी ने गंभीरता से नहीं लिया। लोगों ने मांग की कि सरकार मोबाइल सिग्नल की समस्या का जल्द समाधान करे।