बसोहली के जंदरोटा में टावर पर चढे़ युवक को उतारता व्यक्ति। स्रोत -------------------
पारिवारिक विवाद के बाद बीएसएनएल के ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। बसोहली से करीब 18 किलोमीटर दूर जंदरोटा गांव में शुक्रवार की सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। आपसी पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक गांव में लगे बीएसएनएल के टावर पर चढ़ गया और आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हालांकि, एक ग्रामीण की सूझबूझ से युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
जंदरोटा के पूर्व सरपंच देवेंद्र कुमार ने बताया कि गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद शर्मा का 26 वर्षीय पुत्र कनव शर्मा शुक्रवार सुबह किसी बात को लेकर नाराज हो गया। इसके बाद टावर पर चढ़ गया। टावर की काफी ऊंचाई होने के कारण वहां मौजूद लोग भयभीत हो गए। अनहोनी की आशंका के चलते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। गांव का एक युवक टावर पर चढ़ा। उसने काफी देर तक कनव शर्मा को समझाया। फिर वह युवक को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रहा।