पंजाब और जम्मू-कश्मीर के नामी पहलवानों ने दिखाए दांपपेच
संवाद न्यूज़ एजेंसी
रामकोट। धार सड़क किनारे तोतली नगरोटा गुजरू में बुधवार को वार्षिक दंगल संपन्न हुआ। इसमें पंजाब और जम्मू-कश्मीर के नामी पहलवानों ने जोर आजमाइश की। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे दर्शकों ने रोमांचक मुकाबलों का लुत्फ उठाया। दंगल का अंतिम और सबसे रोमांचक मुकाबला मुल्लापुर के रॉबिन और मलेरकोटला के रजाक के बीच हुआ। दोनों पहलवानों ने शानदार दांवपेच दिखाए। अंत में मलेरकोटला के रजाक ने रॉबिन को चितकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। रजाक की जीत पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।
दंगल में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जिला विकास परिषद सदस्य नगरोटा गुजरू नारायण दत्त त्रिपाठी और भाजपा मंडल रामकोट के प्रधान टिक्का शर्मा मौजूद रहे। मुख्य अतिथियों ने पहलवानों का हौसला बढ़ाया और विजेताओं को इनाम देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि नारायण दत्त त्रिपाठी ने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण खेलों को बढ़ावा देते हैं और युवाओं को नशे से दूर रखकर फिटनेस की ओर प्रेरित करते हैं। भाजपा मंडल प्रधान टिक्का शर्मा ने दंगल कमेटी को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। ओमप्रकाश, तीर्थराज, डा. पूरनचंद ने आयोजन को सफल बनाने में विशेष सहयोग किया। दंगल कमेटी ने सभी अतिथियों, प्रायोजकों और दर्शकों का आभार जताया। कमेटी ने बताया कि दंगल को सफल बनाने में स्थानीय युवाओं और प्रशासन का पूरा सहयोग रहा