संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहर के प्रमुख बाजारों में ग्रीष्मकालीन अवकाश पर जाने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी कड़ी में स्वर्णकार संघ कठुआ के आह्वान पर जिले के आभूषण कारोबारियों ने बुधवार से अपने वार्षिक ग्रीष्मकालीन अवकाश की शुरुआत कर दी है।
संघ की ओर से जारी सूचना के अनुसार, जिले की सभी आभूषण दुकानें 17 से 21 जून तक बंद रहेंगी। इस दौरान स्वर्ण, रजत एवं अन्य आभूषणों की खरीद-बिक्री का कार्य पूरी तरह से स्थगित रहेगा। संघ ने आम जनता से अपील की है कि वे आभूषणों की खरीदारी की योजना इन तिथियों को ध्यान में रखकर बनाएं ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। स्वर्णकार संघ कठुआ के अध्यक्ष नवदीश सहदेव ने बताया कि पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी ग्रीष्मकालीन अवकाश का पालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अवकाश अवधि के दौरान सभी सदस्य अपने प्रतिष्ठान बंद रखेंगे तथा 22 जून से कारोबार सामान्य रूप से शुरू हो जाएगा।