अधिसूचना जारी होने के साथ ही लंबे समय से जारी इंतजार समाप्त
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। ट्रांसपोर्ट विभाग की ओर से 18 प्रतिशत किराया बढ़ोतरी की अधिसूचना जारी होने के साथ ही लंबे समय से जारी इंतजार समाप्त हो गया है। ट्रांसपोर्ट कमिश्नर ने नई किराया सूची लागू कर दी है। इसके बाद जम्मू से कठुआ सहित विभिन्न रूटों पर बसों का किराया बढ़ गया है।
शनिवार को इस रूट पर चलने वाली बसों में यात्रियों से पुराना किराया ही वसूला गया लेकिन अब आने वाले दिनों में संशोधित किराया लागू होगा। नई दरों के अनुसार जम्मू से कठुआ का किराया 97 रुपये से बढ़कर 114 रुपये हो गया है। इसी तरह जम्मू से हीरानगर का किराया 76 रुपये से बढ़कर 90 रुपये और जम्मू से लखनपुर का किराया 103 रुपये से बढ़कर 122 रुपये कर दिया गया है।
पहाड़ी क्षेत्रों के रूटों पर भी किराए में बढ़ोतरी की गई है। जम्मू से वाया दियालाचक बिलावर जाने वाले यात्रियों को अब 169 रुपये के बजाय लगभग 199 रुपये चुकाने होंगे। जम्मू से दियालाचक का किराया 72 रुपये से बढ़कर करीब 85 रुपये हो गया है। वहीं जम्मू से वाया महानपुर बसोहली का किराया 214 रुपये से बढ़कर 253 रुपये कर दिया गया है।
नई किराया सूची लागू होने से कठुआ, बिलावर, बसोहली और अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में आने-जाने वाले यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। दूसरी ओर ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि करीब पांच वर्षों के बाद हुई इस बढ़ोतरी से उन्हें कुछ राहत मिलेगी।