टूर्नामेंट के पहले दिन करवाए गए कुल छह मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहीद पुलिस कर्मी सार्जेंट जसवंत सिंह की स्मृति में हीरानगर के लौंडी गांव में युवाओं की ओर से दो दिवसीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ एसपी ऑपरेशंस बॉर्डर कठुआ बृजेश शर्मा ने किया। उद्घाटन समारोह में शहीद के पिता की उपस्थिति ने माहौल को भावुक बना दिया और सभी ने उनके बलिदान को नमन किया।
शनिवार को टूर्नामेंट के पहले दिन कुल छह मुकाबले खेले गए जिसमें पहला मैच लौंडी की टीम के नाम रहा। इस उद्घाटन मैच में लौंडी ने बोबियां को हराया जबकि दूसरे मैच में पिंडो क्लब चकड़ा ने गुडा वॉरियर को पराजित किया। तीसरे मैच में कठुआ क्लब ने रघु चक को तो चौथे मैच में शेरपुर ने लौंडी को मात दी। पांचवें मैच में पिंडो क्लब चकड़ा ने कठुआ क्लब और छठे मैच में शेरपुर ने बभानी क्लब बाड़ी ब्राह्मणा को पराजित किया।
आयोजन के दौरान प्रमुख नागरिकों ने उद्घाटन समारोह में भाग लिया और युवाओं के इस प्रयास की सराहना की। इस मौके पर मुख्य अतिथि ने युवाओं की पहल की प्रशंसा करते हुए उन्हें ऐसे रचनात्मक कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देते हैं। इस अवसर एसडीपीओ बॉर्डर धीरज कटोच, डिप्टी एसपी ऑप्स कठुआ पुष्पा ठाकुर और थाना प्रभारी हीरानगर अमित सांगड़ा मौजूद रहे।