कठुआ स्थित गैस वितरक के कार्यालय का निरीक्षण करते डीसी राजेश शर्मा। संवाद
पर्याप्त आपूर्ति का भरोसा दिलाया
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। पिछले एक सप्ताह से रसोई गैस को लेकर जारी मारामारी को देखते हुए डीसी राजेश शर्मा ने शहर के विमल गैस एजेंसी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वितरक से घरेलू एलपीजी की उपलब्धता की जानकारी ली और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने कहा कि जिले में घरेलू एलपीजी की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं की मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि आपूर्ति शृंखला सुचारु रूप से चल रही है और घबराने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन द्वारा एलपीजी वितरण पर निगरानी रखने के लिए टीमें गठित की गई हैं ताकि जमाखोरी या कालाबाजारी जैसी गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीसी ने कहा कि एलपीजी रिफिल की बुकिंग चक्र को व्यवस्थित किया गया है, अब शहरी क्षेत्रों में अगली बुकिंग 25 दिन बाद और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन बाद की जा सकेगी। साथ ही ओटीपी से जुड़ी समस्याओं का समाधान कर दिया गया है और अब प्रणाली नियमित रूप से काम कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे निर्धारित बुकिंग नियमों का पालन करें और वितरण केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ से बचें। इस अवसर पर एडीसी विश्वजीत सिंह और विमल गैस एजेंसी के संचालक टीआर भगत मौजूद रहे।