होली को लेकर बाजार में तेज हुई खरीदारी संवाद
बाजार में लौटी रौनक, रंगों और पिचकारियों की खरीदारी से कारोबारियों के चेहरे खिले
कठुआ। होली पर्व को लेकर शहर में युवाओं ने रंगों की फुहार बरसाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके साथ ही बाजारों में रंगों और पिचकारियों की खरीदारी तेज हो गई है। दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ बढ़ने से कारोबारियों ने राहत की सांस ली है।
इस बार वार्षिक परीक्षाओं के चलते लंबे समय तक बाजार में रौनक नहीं दिख रही थी। बुधवार को मनाए जाने वाले पर्व के लिए लोगों ने खरीदारी शुरू कर दी है। दुकानदारों का कहना है कि मंगलवार को लगने वाले चंद्र ग्रहण के कारण कुछ लोग खरीदारी से परहेज कर सकते हैं ऐसे में उनके पास कारोबार के लिए एक ही दिन का अवसर रहेगा। सोमवार सुबह से ही कॉलेज रोड पर लगी विशेष दुकानों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। इसमें हर आयु वर्ग के लोग अपनी पसंद के रंग और गुलाल खरीदते नजर आए। बच्चों का ध्यान खासतौर पर नई डिजाइन वाली पिचकारियों पर रहा। खरीदारी को लेकर सबसे ज्यादा उत्साह युवाओं में दिखा। उन्होंने पर्व के लिए रंग, गुलाल से लेकर पर्व के लिए बाजार में आई टी-शर्ट, कैप और तरह तरह के मास्क की खरीदारी की।
दुकानदार राहुल बावा ने बताया कि उन्होंने हर साल की तरह इस बार भी पर्व से 15 दिन पहले दुकान सजाई थी लेकिन कारोबार बिल्कुल ठंडा था। सुबह से ग्राहकों की आमद शुरू होने से न केवल वे बल्कि इस कारोबार से जुड़े सभी दुकानदार राहत महसूस कर रहे हैं। उनका कहना है कि अगर पर्व का सामान बच जाता तो उसे दोबारा बेचने के लिए एक साल इंतजार करना पड़ता है।