विज्ञान और नवाचार में महिलाओं की भूमिका पर केंद्रित रहा विज्ञान दिवस आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वुमन इन साइंस कैटेलाइजिंग विकसित भारत विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में विज्ञान और नवाचार में महिलाओं की भूमिका को रेखांकित किया गया। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों से शोध, नवाचार और आलोचनात्मक चिंतन में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।
उद्घाटन सत्र में प्रधानाचार्य डॉ. जयपाल सिंह ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह दिवस भारतीय भौतिक वैज्ञानिक सीवी रमन की ओर से खोजे गए रमन प्रभाव की स्मृति में मनाया जाता है। इस मौके पर विज्ञान क्लब और आईक्यूएसी ने मिलकर विविध शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का आयोजन किया। पोस्टर बनाने की प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने वैज्ञानिक अवधारणाओं और शोध निष्कर्षों को रचनात्मक दृश्य संप्रेषण के माध्यम से प्रस्तुत किया। विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों के ज्ञान, तर्क और समस्या-समाधान क्षमता की परीक्षा ली। विभिन्न विषयों के विद्यार्थियों की भागीदारी ने विज्ञान और तकनीक के प्रति गहरी रुचि और अकादमिक जुड़ाव को दर्शाया।
कार्यक्रम के आयोजन में प्रो. सीमा जॉली, प्रो. अश्वनी खजूरिया, डॉ. रचना राज, डॉ. दीपशिखा शर्मा, प्रो. यशपाल, प्रो. सचिन जीत सिंह, प्रो. सुरभि गुप्ता, डॉ. पूनम सम्ब्याल, डॉ. कामिनी कपूर, डॉ. लखविंदर सिंह, डॉ. उषा किरण, प्रो. मंजोत सिंह, डॉ. अजय सनोत्रा, डॉ. गुरप्रीत कौर और प्रो. नीरज चगतिया सहित टीम का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रेनु ने किया, स्वागत भाषण डॉ. इंदरजीत कौर ने दिया और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अमिता दुआ ने प्रस्तुत किया।