संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिले के हायर सेकेंडरी स्कूलों में शैक्षणिक, प्रशासनिक और बुनियादी ढांचे की व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी केवल कृष्ण के दौरों का क्रम जारी है। शुक्रवार को जिला शिक्षा योजना अधिकारी अंजना मन्याल के साथ उन्होंने हायर सेकेंडरी स्कूल छन्न अरोछियां और हायर सेकेंडरी स्कूल सुमवां का दौरा किया।
अपने इस औचक निरीक्षण के दौरान हायर सेकेंडरी स्कूल छन्न अरोडियां में मुख्य शिक्षा अधिकारी ने मिड-डे मील योजना का निरीक्षण किया और कक्षा 8वीं तक के विद्यार्थियों को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और पोषण स्तर की जांच की। उन्होंने कक्षा 9वीं तक चल रही परीक्षाओं का भी निरीक्षण किया ताकि परीक्षा प्रक्रिया अनुशासित और सुचारु रूप से संपन्न हो। इसके बाद उन्होंने स्टाफ सदस्यों के साथ बैठक कर शैक्षणिक प्रदर्शन, संस्थागत कार्यप्रणाली और छात्र कल्याण पर चर्चा की।
हायर सेकेंडरी स्कूल सुमवां में मुख्य शिक्षा अधिकारी ने निर्माणाधीन कक्षाओं और प्रयोगशालाओं का निरीक्षण किया और कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का आंकलन किया। उन्होंने प्रयोगशालाओं और पुस्तकालय की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की। यहां भी स्टाफ बैठक आयोजित की गई जिसमें शैक्षणिक योजना, बुनियादी ढांचे के विकास और शिक्षण-अधिगम पद्धतियों पर विचार-विमर्श किया गया।
दोनों विद्यालयों में बैठकों के दौरान सीईओ ने स्टाफ को आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से छात्र-केंद्रित शिक्षण, अनुशासित शैक्षणिक अभ्यास और प्रभावी अधिगम रणनीतियों पर जोर दिया ताकि शैक्षिक परिणामों में सुधार हो सके।