बिलावर। इलाके के लोगों ने ट्रैक्टर चालकों पर रात के समय ऊंची आवाज में म्यूजिक बजाने के आरोप लगाए हैं। पूर्व पंच सुरम सिंह, पवन कुमार, सरदारी लाल, सुरजीत सिंह और अन्य लोगों ने बताया कि ट्रैक्टर चालक रात के समय जब सड़कों पर दौड़ते हैं तो ऊंची आवाज में म्यूजिक बजाते हैं जिसकी वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक परेशानियां उन लोगों को पेश आती हैं जिनके घर सड़कों के किनारे हैं। लोगों ने कहा रात 1:00 बजे के बाद अक्सर सड़कों पर दौड़ने वाले ट्रैक्टर तेज गति से ट्रैक्टर चलाते हैं और जोर दार आवाज में म्यूजिक बजाते हैं जिसके कारण हृदय रोगियों को परेशान होना पड़ता है छोटे-छोटे बच्चे और महिलाएं जोरदार आवाज के कारण परेशान होते हैं और रात के समय जाग जाते हैं। लोगों ने कहा कि 2 महीने पूर्व जोरदार आवाज में म्यूजिक बजाने वालों के खिलाफ ट्रैफिक विभाग ने कार्रवाई की थी और कई ट्रैक्टर जप्त किए थे जिसके बाद लोगों को थोड़ी सी राहत मिली थी लेकिन एक हफ्ते से ट्रैक्टर चालक सरे आम नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं जिससे आम जन को परेशान होना पड़ता है। लोगों ने यातायात विभाग से मांग की है कि जो ट्रैक्टर चालक जोरदार आवाज में म्यूजिक बजाते हैं और ट्रैफिक नियमों को ताक पर रखकर मनमानी करते हैं उनके खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाए। लोगों ने इस संदर्भ में यातायात विभाग से संज्ञान लेने और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले ट्रैक्टर चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।