रामकोट । रामकोट में वीरवार रात से ठप हुई बिजली आपूर्ति शुक्रवार शाम तक भी बहाल नहीं हुई। इस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बिजली आपूर्ति बंद रहने से यहां सरकारी कार्यालय में तैनात कर्मचारियों ने परेशानियों का सामना किया तो बारिश के मौसम में सुविधा केंद्रों में सन्नाटा पसरा रहा। इसके साथ लोगों के घरों में लगे इनवर्टर सुविधा भी बिजली नहीं होने के कारण ठप हो गई और घरों में लगे बिजली से चलने वाले उपकरण बंद रहे। इसके साथ लोगों को मोबाइल चार्ज करने में भी समस्याओं का सामना करना पड़ा। बिजली विभाग की ओर से सबडिवीजन रामकोट के अधिकारी पृथ्वी राज ने बताया कि हीरानगर मुख्य लाइन से बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण इलाके में बिजली आपूर्ति शुक्रवार को ठप रही। बिजली पर निर्भर व्यवसाय करने वाले लोगों को बिजली के बंद होने के कारण शुक्रवार को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा। संवाद