बिलावर। उपमंडल मुख्यालय से सटे किशनपुर गांव में चार दिनों बाद पेयजल सप्लाई बहाल होने से गांव के लगभग 300 परिवारों को राहत मिली है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और लोगों की ओर से उठाई गई पेयजल की किल्लत की समस्या को अमर उजाला ने शुक्रवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
खबर के प्रकाशन के बाद जल शक्ति विभाग का मैकेनिक विंग हरकत में आया और डगवैल पर लगाए गए मोटर पंप को ठीक कर दिया। रविवार को चौथे दिन किशनपुर गांव में पेयजल सप्लाई बहाल होने से गांव की 5000 तक की आबादी ने राहत की सांस ली।
बता दें कि किशनपुर गांव में पिछले कई दिनों से पेयजल सप्लाई प्रभावित रहने से गांव वासियों को गांव से लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर जाकर प्राकृतिक स्रोतों से पानी लाना पड़ता था जिससे लोगों को काफी परेशानियां उठानी पड़ती थीं। समस्या के समाधान के लिए स्थानीय निवासी राहुल विवेक, जितेंद्र, सिद्धार्थ, सुनील और नरेश ने आभार प्रकट किया।