बिलावर। त्रिंवली से दियोता इलाके को जोड़ने वाली सड़क पर चीड़ का पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित रहा। इसकी वजह से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दरअसल सड़क के सातवें किलोमीटर पर शुक्रवार रात को सड़क के बीच एक विशालकाय चीड़ का पेड़ गिर गया था।
स्थानीय चमनलाल, अशोक, करनैल सिंह और विशंभर नाथ ने बताया कि सड़क पर यातायात प्रभावित रहने से लोगों के लिए दियोता इलाके की तरफ जाने के लिए अन्य कोई सड़क भी नहीं है। लोगों ने बताया कि लगभग 5 वर्ष पहले प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क का निर्माण किया था। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क पर यातायात बहाल किया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अभियांता हेमराज कनिष्ठ ने कहा कि समस्या संज्ञान में आई है। जल्द ही सड़क पर यातायात बहाल करवाया जाएगा।