इनडोर स्टेडियम मे कुश्ती के कोच के बिना अभ्यास करते खिलाड़ी।
- फोटो : bilawar news
बिलावर। सरकार भले ही खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की कवायद कर रही है लेकिन बिलावर मे इंडोर स्टेडियम में कुश्ति के अभ्यास के लिए न रेसलिंग मैट नहीं है और न ही कोई कोच। बदहाल व्यवस्था से परेशान कुश्ती के खिलाड़ी जम्मू या फिर कठुआ को पलायन करने को मजबूर हैं। कुश्ती खेल में रुचि रखने वाले राकेश, गुलशन, अमित और संजू कुमार ने बताया कि लगभग 10 वर्ष पहले बिलावर में इंडोर स्टेडियम बनाया गया था लेकिन इस स्टेडियम का लाभ कुश्ती खेल में रुचि रखने वाले खिलाड़ियों को नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्टेडियम में कुश्ती का कोच ही नहीं है। इसके कारण इस खेल में रुचि रखने वाले खिलाड़ी सही तरीके से प्रशिक्षण नहीं ले पा रहे हैं। खिलाड़ियों ने बताया कि हर दिन उपमंडल के अलग-अलग गांवों के लगभग 25 कुश्ती के खिलाड़ी इनडोर स्टेडियम में प्रेक्टिस करने के लिए पहुंचते हैं लेकिन इनडोर स्टेडियम में रेसलिंग मेट की सुविधा भी उपलब्ध नहीं करवाई गई, जिसके कारण खिलाड़ी स्टेडियम के बाहर मिट्टी का अखाड़ा बनकर प्रैक्टिस करते हैं। खिलाड़ियों ने बताया कि संसाधनों के अभाव में जूझ रहे कुश्ती के खिलाड़ी अपनी किस्मत को कोस रहे हैं। कोच के सही मार्गदर्शन नहीं मिलने के कारण कुश्ती खिलाड़ियों के समक्ष मुश्किलें खड़ी हो रही हैं। उन्होंने कहा कि इलाके के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है और कुश्ती काफी लोकप्रिय खेल है जिसकी तरफ युवा काफी आकर्षित हैं और हर दिन प्रेक्टिस करने के लिए बिलावर पहुंचते हैं लेकिन कोच न होने और रेसलिंग मेट के अभाव में खिलाड़ियों को कुशल प्रशिक्षकों के खेल की बारीकियों से वंचित रहना पड़ रहा है। कुश्ती खेल ने रुचि रखने वाले इलाके के खिलाड़ियों ने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द इनडोर स्टेडियम में कुश्ती के कोच की तैनाती की जाए और रेसलिंग मेट की व्यवस्था करवाई जाए ताकि इलाके के खिलाड़ी जिला स्तरीय और राज्य स्तर कुश्ती के मुकाबलों में अपनी प्रतिभा को निखार सके।
-
इनडोर स्टेडियम में रेसलिंग मेट की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए जल्द सीडिएफ से राशि जारी की जाएगी। रेसलिंग कोच की नियुक्ति का मामला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के उच्च अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा।
-सतीश शर्मा, विधायक, बिलावर विधानसभा क्षेत्र