कठुआ। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर शहर के मुख्य बाजार में रौनक छाई रही। इस दौरान बाजार में पहुंची बहनों ने अपने भाइयों के लिए रंगबिरंगी राखियाें के साथ मिठाइयों की खरीददारी की।
रक्षाबंधन को लेकर सुबह से ही महिलाएं व युवतियां बाजार पहुंचना शुरू हो गई थीं। पर्व के चलते बाजार में सभी मनियारी की दुकानें राखियों से सजी दिखाई दीं। वहीं, पर्व के चलते जगह-जगह पर राखियों के स्टाल देखने को मिले। बहनों ने भाइयों के लिए राखी पसंद कर खरीदी। दुकानदार भी उत्साहित दिखे। वे भी ग्राहकों को लुभाने में दिनभर व्यस्त रहे।
दुकानदार राम स्वरूप ने बताया कि महिलाएं पर्व को लेकर की जाने वाली खरीददारी के मामले में अपनी पसंद को प्राथमिकता देती हैं। लिहाजा उन्होंने भी अपनी दुकान को हर तरह की राखियों से सजा रखा है, ताकि कोई भी ग्राहक बिना राखी खरीदे उनकी दुकान से वापस न जाए। उन्होंने बच्चों के लिए विशेष तौर पर सुपर हीरो और कार्टून वाली राखियां सजा दी हैं। इसके अलावा उनके पास थाली वाली राखी भी मौजूद है।
वहीं, बाजार में अपने भाई के लिए राखी पसंद कर रही ज्योति बाला ने कहा कि वह कठुआ के मुख्य बाजार में तीन दुकानों पर घूम चुकी है लेकिन अभी तक उन्हें ऐसी राखी नहीं मिली है, जिससे वह अपने भाई की कलाई को सजा सकें। उनका कहना है कि वह अपने भाई के लिए कोई ऐसा डिजाइन चाह रही है जो सबसे अलग हो।
उधर, राखी की दुकानों के साथ-साथ मिठाइयों की दुकानों पर भी काफी भीड़ देखी गई। मिठाइयों की कुछ दुकानों पर तो ग्राहकों को कतार में लगकर मिठाइयां खरीदनी पड़ रही थीं। यहां बहनों को अपने भाइयों के लिए मिठाइयां खरीदने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।
-
बेकरी और गिफ्ट आइटमों की दुकानों पर दिखी भीड
पर्व के चलते जहां परंपरागत राखी और मिठाई की दुकानों पर भीड़ देखने को मिली। वहीं, बेकरी और गिफ्ट आइटमों की दुकानों पर भी काफी रौनक बनी रही। इस दौरान काफी बहनों ने मिठाईयों के अलावा तरह-तरह के गिफ्ट पैक खरीदे। जिसमें चॉकलेट और जूस उत्पाद शामिल रहे। वहीं, भाई भी पर्व पर अपनी बहन को उपहार के रूप कुछ खास देने के लिए गिफ्ट आइटमों की दुकानों की की खाक छानते रहे। जहां उन्होंने राखी बांधने वाली बहनों के लिए खूबसूरत गिफ्ट खरीदें।