हाई स्कूल पारलीवंड की छात्राओं ने सीआईएसएफ जवानों के साथ मनाया रक्षाबंधन का पर्व।
- फोटो : kathua news
कठुआ। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर हाई स्कूल पारलीवंड की छात्राओं ने बहन की भूमिका को जीवंत करते हुए सीआईएसएफ जवानों की कलाई पर प्रेम और सुरक्षा का प्रतीक रक्षासूत्र बांधा। ''''''''हर घर तिरंगा'''''''' अभियान के तहत छात्राओं ने जहां जवानों की कलाई को रक्षासूत्र से सजाया। वहीं, जवानों ने भी उन्हें आशीर्वाद स्वरूप उनकी रक्षा करने के संकल्प को दोहराया।
स्कूल के मुख्याध्यापक पुरुषोत्तम सिंह के मार्गदर्शन में छात्राओं ने रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर राखी निर्माण गतिविधि में भाग लिया। जहां उन्होंने अपनी सृजनात्मकता का परिचय देते हुए विभिन्न रंगों, डिज़ाइनों और सजावटों से राखियां तैयार कीं। इसके बाद स्कूल की शिक्षिकाएं गुंजन चौधरी, पूजा देवी और रजनी के साथ छात्राएं पुलिस लाइन कठुआ पहुंचीं, जहां उन्होंने सीआईएसएफ जवानों को राखी बांधकर उनके साहस, सेवा और बलिदान के प्रति आभार व्यक्त किया। छात्राओं ने जवानों के दीर्घायु, स्वास्थ्य और सुरक्षा की कामना की।
इस भावनात्मक क्षण में जवानों ने छात्राओं को चॉकलेट और ज्योमेट्री बॉक्स भेंट कर उनके स्नेह को सराहा। छात्राओं ने भी सैनिकों के देशभक्ति और साहस से प्रेरणा ली।