बिलावर। चैत्र नवरात्रि के पहले दिन बिलावर उपमंडल में स्थित मल माता सुकराला देवी और महामाई बाला सुंदरी के मंदिरों में माता शैलपुत्री स्वरूप की आराधना की गई। इस दौरान मंदिरों में माता रानी के दर्शन की अभिलाषा से अलग-अलग इलाकों से पहुंचे भक्तों की भारी भीड़ रही। रविवार को माता सुकराला देवी के भवन में सुबह 5:00 बजे आरती का आयोजन किया गया। इसके बाद मंदिर के कपाट भक्तों के लिए खोल दिए गए। सुबह होने के बाद लोगों को लंबी कतार में लगकर महामाई के दर्शन करने पड़े। देर शाम तक सुकराला गांव में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी था। इसके अलावा बिलावर उपमंडल में स्थित अन्य देवी मंदिरों में भी भक्तों का दिन भर तांता लगा रहा। इस मौके पर बड़ी संख्या में महिलाओं के साथ बच्चों और बुजुर्गों ने देवी मंदिरों में पहुंचकर महामाई का गुणगान किया। लोगों ने अपने घरों पर भी महामाई की आराधना की और व्रत रख कर अपने मंगलमयी भविष्य की कामना की। संवाद