कठुआ। भारतीय खाद्य निगम के कठुआ स्थित स्टोर में अस्थायी सेवा प्रदान करने वाले कुलियों ने नियमित किए जाने की मांग की है। सोमवार को डीसी कार्यालय पहुंचे कुलियों ने जन वितरण विभाग के सहायक निदेशक से मुलाकात की और उनकी सेवाओं को जारी रखे जाने की मांग की।
सहायक निदेशक से मिलने पहुंचे कुलियों में जनकराज ने बताया कि वह लोग पिछले कई सालों से भारतीय खाद्य निगम के कठुआ स्थित स्टोर में अस्थायी कुली के तौर पर काम करते आ रहे हैं। अब उन्हें निकाला जा रहा है। इससे अब उनके सामने अपनी पारिवारिक जिम्मेदारी को पूरा करने का संकट आ गया है। लिहाजा उनकी इस समस्या का समाधान किया जाए।
वहीं, कुलियों का नेतृत्व कर रहे पीडीपी नेता सुदेश कुमार भंडारी ने कहा कि भारतीय खाद्य निगम में ठेकेदार के माध्यम से सेवा देते इन कुलियों को कई वर्ष हो गए हैं। अब अगर ठेकेदार बदला जा रहा है तो इन्हें नए ठेकेदार के साथ काम करने का मौका मिलना चाहिए। इससे इन्होंने इस काम को करने का अनुभव प्राप्त किया करते हुए विभाग के लक्ष्यों को प्राप्त करने में योगदान दिया है। लिहाजा इनकी प्रतिबद्धता और समर्पण को देखते हुए संगठन में स्थायी किया जाए।
इस मौके पर नेक राम, मोहिंदर कुमार, बलकार चंद, जगन्नाथ, थुरुद्दीन, करण सिंह, रिक्की कुमार, बलबीर चंद, जगबीर सिंह, आशीष कुमार, गुलशन कुमार, मुकेश कुमार आदि भी मौजूद रहे।