कठुआ। शहर के शिवानगर में एक लावारिस कुत्ते ने आधा दर्जन लोगों को काट कर घायल कर दिया। उन्हें उपचार के लिए जीएमसी कठुआ पहुंचाया गया है। इसमें तीन घायलों को उनकी अवस्था को देखते हुए डॉक्टरों ने आवश्यक प्राथमिक उपचार देकर जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया है। हालांकि बाद में लोगों ने कुत्ते को मार दिया।
स्थानीय राेहित वर्मा ने बताया कि बुधवार को उनकी गली में रहने वाला एक कुत्ता अचानक उग्र हो गया। इस दौरान वह हर आने जाने वाले पर हमला कर उन्हें घायल कर रहा था। कुत्ते के हमले से घायल हुए तीन लोगों को तो उनकी मां ने किसी तरह से बचाकर खुद अस्पताल पहुंचाया। इसके अलावा भी उनके मोहल्ले के कई और लोग इस कुत्ते का शिकार हुए हैं। इनकी संख्या छह बताई जा रही है। इनमें से तीन को बेहतर उपचार के लिए जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है।
उन्होंने बताया कि शाम तक कुत्ते का आतंक इतना ज्यादा हो गया कि लोगों ने अपने घरों से निकलना ही बंद कर दिया। जिसके बाद कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए कुत्ते को घेर कर मार दिया। लेकिन अभी भी मोहल्ले के लोग सुरक्षित नही है। क्योंकि संभवत: पागल हो चुके कुत्ते ने मोहल्ले में रहने वाले अन्य कुत्तों को भी काटा है। ऐसे में उन कुत्तों के भी पागल होने का डर है। उन्होंने कहा कि वह सुबह ही इस घटना की जानकारी नगर परिषद के अधिकारी को देकर उनसे मोहल्ले में घूम रहे अन्य लावारिस कुत्तों की स्वास्थ्य जांच कराने की मांग करेंगे। ताकि लोगों को सुरक्षित रखा जा सके।