जिला पुलिस लाइन में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता।
- फोटो : kathua news
कठुआ। जिला पुलिस लाइन के मैदान में कठुआ प्रीमियर लीग का आयोजन जारी है। मंगलवार को प्रतियोगिता के तहत गत दिनों बारिश के कारण स्थगित किया गया मैच फिर करवाया गया। इसमें इंडिया अर्थ मूवर्स और हिल व्यू राजोरी में मुकाबला हुआ। हिल व्यू राजोरी की टीम ने आसान जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
दिन के एक मात्र मुकाबले में इंडिया अर्थ मूवर्स की टीम ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम के बल्लेबाजों ने इस मैच में हिल व्यू राजोरी की टीम की कसी हुई गेंदबाजी के सामने घुटने टेक दिए। इस पारी में इंडिया अर्थ मूवर्स के गुलशन ने 33 गेंदों में 22 रन व मनीष ने 18 गेंद में 14 रन लिए, लेकिन इन बल्लेबाजों के अलावा कोई भी बल्लेबाज न कभी खुल कर खेल पाया और न ही विकेट पर टिक पाया। इसके कारण पूरी टीम 19 ओवरों में 85 रनों पर सिमट गई। इस पारी में व्यू राजोरी के विक्की, अभिनव और सन्नी सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने दो-दो विकेट अपने नाम किए।
छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिल व्यू राजोरी के बल्लेबाजों ने बिना किसी दबाव के खेलते हुए आक्रामक बल्लेबाजी की और मात्र 10 ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर 86 रन बनाते हुए जीत अपने नाम कर ली। इस पारी में टीम के सबसे सफल बल्लेबाज विक्की रहे, जिन्होंने 53 रनों की नाबाद पारी खेली। इस मैच में उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच से नवाजा गया।
आयोजकों ने बताया कि अब बुधवार को प्रतियोगिता का आखिरी क्वार्टर फाइनल मुकाबला हिल व्यू राजोरी और चंदवा क्रिकेट क्लब के बीच करवाया जाएगा। इसमें जीत हासिल करने वाली टीम सेमीफाइनल की चौथी टीम बन जाएगी।
बता दें कि गत रविवार को खेले गए दो क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में जीत हासिल कर यंग गन्स इलेवन और स्टेडियम इलेवन कठुआ की टीम पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह बना चुकी है। आज के मुकाबले में जीत हासिल कर जीएसआई क्रिकेट क्लब सेमीफाइनल में प्रवेश करने वाली तीसरी टीम बन चुकी है।