कठुआ। नार्दर्न रेलवे मेन्स यूनियन की मान्यता के लिए चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई है। बुधवार को कठुआ रेलवे स्टेशन पर बनाए गए पोलिंग स्टेशन में रेज कर्मचारियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दो दिनों तक चलने वाली इस प्रक्रिया में वीरवार को भी मतदान जारी रहेगा।
चुनाव के संबंध में कठुआ रेलवे स्टेशन के अधीक्षक जय ओकांर सिंह ने बताया कि बैलेट पेपर के जरिए होने वाले इस चुनाव में कठुआ रेलवे स्टेशन पर कुल 384 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इसमें पहले दिन 145 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वीरवार को भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी। इसका परिणाम 12 दिसंबर तक घोषित होगा।
उन्होंने बताया कि पूरे देश में रेल मंत्रालय रेलवे के यूनियन की मान्यता के चुनाव करा रहा है। उत्तर रेलवे में पांच यूनियन इस चुनाव में हिस्सा ले रही हैं जो भी जीतकर आएगा उसे मान्यता दी जाएगी। इस चुनाव से यह पता चलेगा कि जो भी ट्रेड यूनियन काम कर रही हैं, उनमें कौन सी पॉपुलर है और किसको कितना वोट शेयर मिल रहा है।