कठुआ। शक्ति की आराधना के पर्व नवरात्र का आगाज हो गया है। शारदीय नवरात्र के पहले दिन जिले के मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ा रहा। सुबह से लगने वाली भक्तों की भीड़ दोपहर बाद तक जारी रही। इस दौरान लोगों ने माता के प्रथम शैलपुत्री स्वरूप की आराधना कर अपने परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। मंदिरों में भक्तों की उमड़ी भीड़ के चलते दिन भर मेले जैसा माहौल देखने को मिला।
वीरवार को जिले के नगरी स्थित माता बाला सुंदरी के मंदिर और जसरोटा स्थित काली माता के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। यहां दर्शन के लिए लंबी कतारें देखने को मिलीं। वहीं शहर के मुख्य बाजार में स्थित माता आशापूर्णी के भवन में भी दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। कुछ ऐसी ही स्थिति लखनपुर स्थित किले वाली माता मंदिर और सहार गांव स्थित चंद्रिका माता मंदिर में भी देखने को मिली। जहां पूर्व वनमंत्री राजीव जसरोटिया ने परिवार सहित पहुंच कर मां की आराधना की और कंजक पूजन किया। इसके चलते मंदिर परिसर में दिनभर रौनक बनी रही।
उधर जिले के पहाड़ी उपमंडल बनी स्थित जोड़ियां माता मंदिर, दौले माता मंदिर और शक्ति माता मंदिर, महानपुर स्थित बनखंडी माता मंदिर में भी श्रद्धालुओं का दिनभर तांता लगा रहा। माता के जयघोष के बीच वहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन व पूजन किया। इस दौरान मंदिरों के आसपास स्थित लगने वाले मेलों में भी काफी रौनक देखने को मिली। जसरोटा स्थित काली माता मंदिर परिसर में लगे मेले में जहां बच्चों ने झूलों का आनंद लिया, वहीं बड़ी संख्या में लोगों ने वहां लगी दुकानों में खरीदारी की।
इस दौरान लोगों ने अपने घरों में माता के स्वरूप पवित्र साख को लगाने की परंपरा पूरी की। उधर प्रशासन की ओर से भी मंदिरों में विशेष सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। वहां हर आने जाने वाले पर नजर बनाए रखी गई ताकि किसी किस्म की कोई अपनी घटना न घटित हो।
-
पहले नवरात्र पर देवी मंदिरों में पहुंचे श्रद्धालु
1. सुकराला माता मंदिर, बिलावर 1500
2. माता बाला सुंदरी मंदिर, बिलावर 1000
3. काली माता मंदिर जसरोटा 2500
4. काली माता मंदिर, जांडी 550
5. बाला सुंदरी मंदिर, नगरी 1000
6. शेर कोटला मंदिर, लोगेट 450