पंचायत घर अमुआला में आयोजित सभा में सचिव से लोगों ने की आवास सूची से नाम काटने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
रामकोट। पंचायत घर अमुआला में वीरवार को ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इसमें सरकार की ओर से जारी प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की सूची पंचायत सचिव अजय कुमार की ओर से लोगों के सामने पढ़ी गई। इसके साथ नई सूची में शामिल पंचायत के कुछ लोगों ने जब सूची में अपना नाम देखा तो उन्होंने स्वेच्छा से ग्राम सभा के बीच में ही अपना नाम कटवाने की मांग की। उनका कहना था कि अब हमारी आर्थिक स्थिति बेहतर है। इसलिए हमें मिला हुआ आवास किसी और जरूरतमंद परिवार को दे दिया जाए।
वहीं, कुछ लोगों ने रोष जताया कि सर्वे के बावजूद उनका नाम सूची में नहीं है। इस पर पंचायत सचिव अजय कुमार ने मौके पर ही कार्यवाही की। जिन लोगों ने अपना नाम कटवाने की इच्छा जताई, उनके नाम सूची से काट दिए गए। साथ ही जिन लोगों के नाम सूची में नहीं थे लेकिन उनका सर्वे हो चुका था, उन सभी के नामों की अलग से सूची तैयार की गई। सचिव ने आश्वासन दिया कि छूटे हुए पात्र लोगों की सूची उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी ताकि उन्हें भी योजना का लाभ मिल सके। ग्राम सभा में पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इसी तरह आवासीय योजना को लेकर पंचायत लाखड़ी में भी सचिव अमर कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई।