- मढीन में आयोजित थाना दिवस में लोगों ने रखी क्षेत्र की समस्याएं
हीरानगर। मढीन पुलिस चौकी में थाना दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र में हेरोइन (चिट्टा) और पशु तस्करी का मुद्दा स्थानीय लोगों ने प्रमुखता से उठाया। कार्यक्रम में बॉर्डर एसडीपीओ धीरज कटोच, डीएसपी एसओजी पुष्पा विशेष तौर पर मौजूद।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न इलाकों से आए लोगों और पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों ने क्षेत्र की समस्याओं के बारे में पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया। इसी दौरान क्षेत्र में पशु तस्करी और नशा तस्करी का मुद्दा भी जोर शोर से उठाया।
चड़वाल व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्याम सुंदर ने कहा नशा, पशु तस्करों पर किसी तरह का कोई रहम नहीं किया जाना चाहिए। इनके खिलाफ पुलिस को सबसे सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। इसी दौरान उन्होंने लोगों से यह अपील भी की आम लोग भी इसके लिए पूरे सतर्क रहें और जिम्मेवार नागरिक बनकर कहीं भी नशा और पशु तस्करी की जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को जानकारी दें। इसके बावजूद भी अगर पुलिस कार्रवाई नहीं करती है तो उनके खिलाफ हम सब मिलकर मोर्चा खोलेंगे। इसी दौरान उन्होंने लकड़ी तस्करी का मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में लगातार पेड़ों की चोरी हो रही है। तस्कर तस्करी के लिए कई हथकंडे अपना रहे हैं। हाल ही में इसी क्षेत्र में एक लग्जरी गाड़ी सफारी में खैर तस्करी का मामला सामने आया है। उन्होंने कहा इस माफिया पर भी पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
पूर्व पंच अशोक शर्मा ने कहा कि पशु और नशा तस्करों पर पुलिस ने कार्रवाई तेज तो की है लेकिन अभी भी इनके हौसले बुलंद हैं। यहां मौजूद पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों को आश्वासन दिया कि वह नशा और पशु तस्करों के खिलाफ अपनी कार्रवाई और तेज करेंगे। उन्होंने कहा लगातार कार्रवाई की जा रही है ऐसे में स्थानीय लोगों में जागरूकता अहम भूमिका निभा सकती है।