बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों का सोमवार को गुस्सा भड़क गया। कंडी क्षेत्र के नारायणपुर गांव से आए ग्रामीणों ने बरनोटी मोड़ पर जम्मू-नई दिल्ली नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। दोनों तरफ के यातायात को ठप कर ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
बाद में पुलिस अधिकारी के आश्वासन पर मार्ग को खोल दिया गया। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व करते हुए घाटी के पूर्व नायब सरपंच पृथीपाल सिंह निक्कू ने कहा कि पिछले वीरवार से नारायणपुर गांव का ट्रांसफार्मर खराब पड़ा है। विभागीय अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद ग्रामीणों की सुध नहीं ली गई।
हर बार ग्रामीणों को बदलने के लिए ट्रांसफार्मर उपलब्ध नहीं होने का तर्क देकर विभाग अपनी जिम्मेदारी से मुंह फेर
लेता है। प्रदर्शनकारियों में शामिल पृथीपाल सिंह निक्कू, सुरिंदर कुमार, काबला सिंह, राकेश कुमार, कुलदीप कुमार, कांता देवी, सुरेष्टा देवी, सत्या देवी, सुनीता ने कहा कि भीषण गरमी के बीच दिन रात लगातार बिजली गुल है।
अत्यधिक गरमी में कुछ घंटों के लिए भी बिजली के बिना रहना मुश्किल है। यहां पर तो कई दिन से बिजली संकट बना हुआ है। गुस्साए ग्रामीणों ने कहा कि बिजली विभाग के अधिकारी अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाए ग्रामीणों की समस्या को लेकर बेहद लापरवाह दिखाई देते हैं।
बार-बार गुहार लगाने के बावजूद जब उन्हें समाधान नजर नहीं आया तो ग्रामीणों को घर का कामकाज छोड़ हाईवे पर प्रदर्शन करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों को समझाने पहुंचे थाना प्रभारी ने बिजली विभाग के अधिकारियों से बात कर भरोसा दिलाया कि जल्द समस्या का हल कर दिया जाएगा।