संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। श्री अमरनाथ यात्रा प्रतिकूल मौसम के कारण अस्थायी रूप से स्थगित होने के बीच लखनपुर यात्री सुविधा केंद्र में ठहरे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए भजन संध्या का आयोजन किया गया। यह आयोजन जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (डीआईपीआर) की ओर से किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में यात्रियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भगवान शिव की भक्ति में सराबोर हो गए। भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक नरशोत्तम माही और उनकी मंडली ने शिव स्तुति के साथ भगवान शिव को समर्पित एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। मधुर भजनों से पूरा यात्री सुविधा केंद्र भक्तिमय माहौल में डूब गया। कई श्रद्धालु भजनों के साथ गुनगुनाते और भक्ति भाव में झूमते नजर आए। डीआईपीआर की इस पहल का उद्देश्य प्रतिकूल मौसम के चलते यात्रा दोबारा शुरू होने की प्रतीक्षा कर रहे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक रूप से जोड़कर रखना और उनका मनोबल बनाए रखना था। कार्यक्रम के दौरान यात्रियों ने न केवल भजन संध्या का आनंद लिया, बल्कि जिला प्रशासन की इस पहल की भी सराहना की।
श्रद्धालुओं ने कहा कि जिला प्रशासन कठुआ द्वारा लखनपुर यात्री सुविधा केंद्र में रहने, भोजन, चिकित्सा, सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है, जिससे यात्रा के स्थगित रहने के दौरान उन्हें मानसिक और आध्यात्मिक संबल मिल रहा है। भजन संध्या का समापन श्री अमरनाथ यात्रा के सुरक्षित एवं सफल संचालन तथा सभी श्रद्धालुओं के मंगलमय और सुरक्षित यात्रा की कामना के साथ किया गया।