अदालत ने चेतावनी देकर छोड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। न्यायिक मजिस्ट्रेट हीरानगर ने नाबालिग बहनों को वाहन से चोट पहुंचाने के दो साल पुराने मामले में आरोपी को दोषी करार दिया है। अदालत ने दोषी को सजा सुनाने के बजाय कड़ी चेतावनी देकर रिहा कर दिया। अदालत ने दोषी की उम्र, पहली बार अपराध में संलिप्त और परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य होने को ध्यान में रखते हुए बीएनएसएस की धारा-401 के तहत राहत दी।
मामले की सुनवाई नौ नवंबर को न्यायिक मजिस्ट्रेट आस्था शर्मा ने की। मामला वर्ष 2024 का है, जिसमें राजबाग पुलिस ने आरोपी 20 वर्षीय चेतन शर्मा निवासी सुंजवां के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 125 (ए), 125 (बी) और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 3/181 के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले में घायल हुई नाबालिग बहनों खुशी मेहरा और महक मेहरा के पिता बीकी सिंह निवासी चांगी के बयान भी अदालत में दर्ज किए गए। सुनवाई के दौरान आरोपी ने दो आवेदन दायर किए। पहले आवेदन में उसने घायल बहनों के साथ समझौता होने की बात कहते हुए बीएनएस की धारा 125 (ए) के तहत अपराध को समझौते के आधार पर समाप्त करने की मांग की। वहीं, दूसरे आवेदन में आरोपी ने बीएनएस की धारा 281, 125 (बी) और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 3/181 के तहत लगे आरोपों को स्वीकार करते हुए अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने अदालत से कम उम्र और पहली बार अपराध करने को देखते हुए नरम रुख अपनाने की अपील की।
अदालत ने अपनाया नरम रुख
अदालत ने आरोपी को स्पष्ट किया कि वह जुर्म कबूल करने के लिए बाध्य नहीं है और उसका बयान उसके खिलाफ इस्तेमाल किया जा सकता है। उसे अपने फैसले पर दोबारा विचार करने के लिए समय भी दिया गया, लेकिन दोबारा सुनवाई शुरू होने पर भी आरोपी अपने जुर्म को स्वीकार करने के फैसले पर कायम रहा। इसके बाद अदालत ने 20 वर्षीय आरोपी का कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड नहीं होने और परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य को ध्यान में रखकर उसके खिलाफ नरम रुख अपनाया। अदालत ने आरोपी को जेल की सजा देने के बजाय सुधार का अवसर देना के साथ-साथ कड़ी चेतावनी देकर रिहा करने का आदेश दिया। इसके साथ ही आरोपी के जमानत और निजी मुचलके रद्द कर चालान का निपटारा कर दिया गया।