बुधवार सुबह 10 बजे कठुआ नहर में उपलब्ध होगा 300 क्यूसेक पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। गेहूं की बुआई के सीजन में सिंचाई पानी की कमी से जूझ रहे किसानों के लिए राहत भरी खबर है। शाहपुर कंडी बैराज से मंगलवार रात 12 बजे के बाद कश्मीर कैनाल में सिंचाई पानी छोड़ा गया। इसके बाद चुकंदर फीडर के माध्यम से बुधवार सुबह 10 बजे से कठुआ नहर में 300 क्यूसेक पानी उपलब्ध करवाया जाएगा। सिंचाई विभाग ने लंबे समय से चल रहे सूखे स्पेल और किसानों की मांग को देखते हुए नहर में पानी छोड़ने का निर्णय लिया है।
गौरतलब है कि 18 अक्तूबर को बेमौसमी बारिश और धान की कटाई के चलते नहर में पानी की आपूर्ति बंद कर दी गई थी। इसके बाद से गेहूं की बुआई की तैयारी कर रहे किसानों को सिंचाई पानी का इंतजार था। अब नहर में पानी की आपूर्ति बहाल होने से कठुआ क्षेत्र के हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि के किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है। विशेषकर उन किसानों को फायदा होगा, जो गेहूं की बुआई के लिए खेत तैयार कर रहे हैं। हालांकि चुकंदर फीडर पर पानी बुधवार की सुबह चार और पांच बजे के बीच पहुंच जाएगा, लेकिन नहर में पानी के साथ आने वाली गंदगी से कठुआ नहर को कोई नुकसान हो, इसलिए विभाग कर्मचारियों के निगरानी में दिन में सभी कूहलों में पानी उपलब्ध करवाया जाएगा।
सिंचाई विभाग के जिलेदार विक्रम शर्मा ने बताया कि किसानों की मांग को ध्यान में रखते हुए शाहपुर कंडी बैराज से रात 12 बजे पानी छोड़ा गया। बैराज से छोड़े गए पानी को चुकंदर फीडर तक पहुंचने में कम से कम चार घंटे का समय लगेगा। इसके बाद बुधवार सुबह 10 बजे से कठुआ नहर में 300 क्यूसेक पानी उपलब्ध करवाने की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सूखे के लंबे स्पेल और गेहूं की बुआई के महत्वपूर्ण समय को देखते हुए विभाग ने यह फैसला लिया है।