कठुआ। धनतेरस के साथ पांच दिवसीय दीपोत्सव का शुभारंभ हो गया। शुक्रवार को धनतेरस के चलते शहर के बाजारों में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ उमड़ने लगी। लोगों ने परंपरा के अनुसार बर्तनों के साथ पूजन सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल और आभूषणों की भी खरीदारी की। बाजारों में दिनभर रही चहल-पहल से कारोबारियों के चेहरे भी खिले नजर आए।
धनतेरस पर चांदी से बनी मां लक्ष्मी की आकृतियों की खासी मांग रही। स्वर्णकार विनोद धमालिया ने बताया कि इस बार धनतेरस शुक्रवार को होने के कारण कारोबार अच्छा रहा है। सोने और चांदी के दाम काफी अधिक होने के बावजूद ग्राहक खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं।
दुकानदार विकास गुप्ता ने बताया कि पूरे वर्ष में बर्तनों की सबसे अधिक बिक्री धनतेरस के दिन होती है। इस बार भी ग्राहकों का रुझान अच्छा रहा। दिवाली पर कारोबार में और तेजी आने की उम्मीद है। इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भी ग्राहकों की अच्छी आमद रही। धनतेरस पर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए शहर के विभिन्न बाजारों में दुकानदारों ने विशेष ऑफर भी दिए।