जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगी वाहनों की लंबी कतारें, छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों को हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित हटली मोड़ के पास रोजाना जाम लगने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, हर वक्त सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। जाम के कारण विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों गंतव्य तक पहुंचने में देरी होती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार जाम का प्रमुख कारण हटली मोड़ पर कई वर्षों से अधर में लटका फ्लाईओवर का निर्माण कार्य है। निर्माण कार्य की धीमी गति के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। वहीं, फ्लाईओवर के साथ प्रस्तावित सड़क के निर्माण और चौड़ीकरण का काम भी अपेक्षित गति से पूरा नहीं हो पा रहा है। स्थानीय निवासी कमलेश चंद्र ने बताया कि सड़क संकरी होने के कारण रेलवे रोड की ओर जाने वाले मोड़ से हटली मोड़ तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहती है। वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण जरूरी है। वहीं, गणेश दत्त ने कहा कि हटली मोड़ क्षेत्र में यातायात की समस्या को लेकर विभिन्न संगठन कई बार रोष प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या के स्थायी समाधान नहीं हुआ।