कठुआ। विभिन्न ट्रेड में दाखिले को लेकर चल रही प्रक्रिया के बीच आईटीआई कठुआ की आधिकारिक वेबसाइट नहीं चल रही है।
पिछले कई दिनों से आईटीआई कठुआ की आधिकारिक वेबसाइट को खोलने पर इसके डोमेन के एक्सपायर होने की जानकारी सामने आ रही है। लिहाजा दाखिले के इच्छुक विद्यार्थियों को व्यक्तिगत रूप से आईटीआई में जाकर ही जानकारी लेनी पड़ रही है। विद्यार्थियों के अनुसार जब सब व्यवस्थाएं सरकार की ओर से ऑनलाइन कर दी गई हैं तो ऐसे में इस वेबसाइट का न चलना उनके लिए बड़ी दुविधा का विषय है। उधर, इस संबंध में आईटीआई प्रबंधन को फिलहाल जानकारी ही नहीं थी। मामला संज्ञान में आया है तो अधिकारी भी एक दो दिन के भीतर वेबसाइट को फिर से सक्रिय करने की बात कर रहे हैं। आईटीआई के प्रधानाचार्य अजय कुमार ने बताया कि वेबसाइट की अमूमन रूटीन में जांच की जाती है लेकिन यदि इस समय वेबसाइट नहीं चल रही है तो इसे अगले एक दो दिन में फिर से सक्रिय कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों के लिए दाखिले की ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 14 जुलाई तक बढ़ा दी गई है, जबकि फार्म 17 जुलाई तक जमा करवाए जा सकते हैं। इसके लिए आईटीआई परिसर में दाखिले के लिए एडमिशन सेंटर भी चलाया जा रहा है।