-जम्मू से दो स्कूटी और एक बाइक चोरी करने के बाद एटीएम लूट की थी मंशा
- पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह बताया, पंजाब के बटाला के रहने वाले हैं पकड़े गए आरोपी, दो फरार आरोपियों की तलाश जारी
फॉलोअप का लोगो लगाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
हीरानगर। जम्मू-कश्मीर और पंजाब के सरहदी इलाकों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय चार गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। छन्न अरोड़यां में एसबीआई एटीएम लूटने की मंशा से आए इस गिरोह के दो सदस्य अभी भी फरार हैं जिनकी तलाश में जगह-जगह पुलिस दबिश दे रही है।
राजबाग थाना के अंतर्गत वीरवार देर रात छन्न अरोड़यां में एसबीआई एटीएम पर चोरी की कोशिश करते पकड़े गए दो आरोपी अंतरराज्यीय चोर निकले। जिनसे पुलिस ने चोरी के तीन दोपहिया वाहन भी बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि यह गिरोह पंजाब से जम्मू तक सक्रिय रहा है। गिरोह जम्मू क्षेत्र में बाइक आदि चोरी करने के बाद जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे के आसपास के इलाकों में चोरी की वारदातों को अंजाम देता रहा है। पुलिस के मुताबिक विजयपुर में उसी रात हुई चोरी में भी इन्हीं का हाथ होने का अंदेशा है जिसकी जांच की जा रही है।
बताया कि वीरवार रात को एटीएम के पास संदिग्ध गतिविधि की सूचना हाईवे पेट्रोलिंग टीम को मिली। जैसे ही यह टीम मौके पर पहुंची तो एटीएम तोड़ने का प्रयास कर रहे दो लोगों को मौके पर ही दबोच कर इनके प्रयास को विफल कर दिया। इसके बाद इन्हें थाने ले जाया गया। जहां पुलिस ने इनसे पूछताछ शुरू की जिसमें यह पाया गया कि यह अंतरराज्यीय चोर हैं। पुलिस ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए इनसे चोरी की दो स्कूटी जेके02बीएल 5456, जेके02सीएफ 7239 और एक बाइक जेके02बीएन 9325 को भी बरामद किया।
पकड़े गए दोनों चोरों की पहचान जतिंदर सिंह और सरोन मसीह दोनों निवासी बटाला, जिला गुरदासपुर पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने धारा 331(4), 62 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले सांबा जिला के घग्वाल क्षेत्र में भी चोरी की घटना के बाद सीसीटीवी कैमरे में इसी तरह के दोपहिया वाहनों की फुटेज मिली थी। जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि वहां भी इन्हीं चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।