जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम और बिलावर के नाज खेल मैदान में होगी प्रतियोगिता, सभी तैयारियां पूरी
कठुआ। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की ओर से जारी वार्षिक गतिविधि कैलेंडर के अनुसार जिले में अंतर जोन खेल प्रतियोगिता का आगाज हो रहा है। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम और बिलावर के नाज खेल मैदान में होने वाली इस प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं।
मंगलवार को प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में डीसी डॉ. राकेश मिन्हास प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन करने के साथ सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करेंगे। विभाग के गतिविधि प्रभारी प्रवीण सिंह लखनपुरिया ने बताया कि 15 मई तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में अंडर-14 और अंडर-17 आयुवर्ग के तहत लड़कों और लड़कियों के खेल मुकाबलों का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 10 दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता के तहत 12 जोन से आने वाले खिलाड़ी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसमें स्पाेर्ट्स स्टेडियम में कठुआ, लखनपुर, बरनोटी, मढ़ीन, सल्लन और हीरानगर और नाज खेल मैदान में बिलावर, भड्डू, महानपुर बसोहली, बनी और लोहाई मल्हार के प्रतिभागियों को प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। संवाद