कठुआ। उपायुक्त के आदेशानुसार शिक्षा विभाग और लीगल मेट्रोलॉजी विभाग की संयुक्त टीम ने बरनोटी जोन के दो निजी स्कूलों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने स्कूल के फीस और ट्रांसपोर्ट शुल्क की जांच की। जांच के दौरान स्कूल के रिकार्ड में पाई गई अनियमितताओं पर कार्रवाई करने की बात कही।
टीम में शामिल मुख्य शिक्षा अधिकारी और लीगल मेट्रोलॉजी विभाग के असिस्टेंट कंट्रोलर ने बताया कि बरनोटी जोन के दो निजी स्कूलों में टीम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूलों की फीस और ट्रांसपोर्ट संबंधी रिकार्ड की जांच की गई। स्कूलों के ट्रांसपोर्ट फीस में अनियमितताएं पाई गई हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल प्रबंधन बच्चों से पूरे जुलाई माह का ट्रांसपोर्ट शुल्क ले रहा है। जबकि स्कूल 22 जुलाई को ही छुट्टियों के बाद शुरू हुए थे। जो सरकार के आदेशों का उल्लंघन है। इसमें स्पष्ट तौर पर बताया गया है कि स्कूल प्रबंधन बच्चों से छुट्टियों का शुल्क नहीं ले सकता। उन्होंने कहा कि पाई गई अनियमितताओं पर संबंधित अधिनियमों और नियमों के तहत स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई शुरू की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से भी छुट्टी की अवधि के लिए परिवहन शुल्क का भुगतान न करने की बात कही।