अमरनाथ यात्रा को लेकर ई-केवाईसी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) कठुआ महिमा मदान ने श्री अमरनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं की ई-केवाईसी प्रक्रिया को संचालित करने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। इसकी अध्यक्षता उन्होंने की। यह कार्यक्रम उपायुक्त कार्यालय कठुआ के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों को डिजिटल सत्यापन, डेटा प्रबंधन की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (डीआईओ) शुभम सिंह की ओर से दिया गया, जिन्होंने प्रतिभागियों को ई-केवाईसी प्रक्रिया, संचालन विधियों और तकनीकी पहलुओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया ताकि यात्रा अवधि में ई-केवाईसी व्यवस्था को प्रभावी और निर्बाध रूप से लागू किया जा सके। एडीसी ने श्रद्धालुओं के समयबद्ध और परेशानी-मुक्त सत्यापन पर जोर देते हुए अधिकारियों से ई-केवाईसी प्रक्रिया को भली-भांति समझने और समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि यात्रा के सुचारू संचालन और श्रद्धालुओं को त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी विभागों को मिलकर कार्य करना होगा। प्रतिभागियों को डिजिटल सत्यापन, डेटा प्रबंधन और शिकायत निवारण की सर्वोत्तम प्रक्रियाओं के बारे में भी मार्गदर्शन दिया गया ताकि ई-केवाईसी और आरएफआईडी कार्ड आवंटन की प्रक्रिया सरल और व्यवस्थित हो सके। कार्यक्रम के अंत में आयोजित संवाद सत्र में प्रतिभागियों के प्रश्नों का समाधान किया गया, जिससे उनकी तैयारी और भी सुदृढ़ हुई। उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन कठुआ अमरनाथ यात्रियों की ई-केवाईसी के लिए लखनपुर यात्री सुविधा केंद्र पर विशेष काउंटर स्थापित करेगा।