कठुआ। पुलिस ओवर ग्राउंड वर्कर्स (ओजीडब्ल्यू) पर कड़ी नजर रखने के साथ नाकों पर अधिक चौकसी बरते। प्रवासी आबादी की आवाजाही का समुचित रिकॉर्ड रखें। यह निर्देश बुधवार को एसएसपी मोहिता शर्मा ने कठुआ थाने के विभिन्न नाकों के निरीक्षण और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा में मातहतों को दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहिता शर्मा ने पंजाब से सटे कीड़िया गंडयाल, भागथली, खरकड़ा व सैदपुर नाके का निरीक्षण किया। नाकों पर तैनात पुलिसकर्मियों को अधिक चौकसी बरतने के निर्देश दिए। ओवर ग्राउंड वर्कर्स पर कड़ी नजर रखने के लिए कहा।
मौसम में बदलाव के कारण पहाड़ों से आने वाली प्रवासी आबादी वाले नगरी, माहीचक, सक्ता चक, घाटी, जुठाना, बरनोटी, बरवाल, लोगेट, चक द्राब खान, शैलर मोड़ जैसे क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के आदेश दिए है। प्रवासी आबादी की आवाजाही का समुचित रिकार्ड रखने के निर्देश दिए उन्होंने कहा कि जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी राष्ट्र विरोधी तत्व के प्रति कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
एसएसपी ने हटली पुलिस चौकी में पुलिस पब्लिक बैठक कर इलाके में लगातार बढ़ रही चोरी और झपटमारी की वारदातों को लेकर चौकी प्रभारी और पीआरआई सदस्यों से जानकारी ली। बैठक में स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की समस्याएं उठाईं। एसएसपी ने उनकी बातें सुनीं और कई मुद्दों का मौके पर ही निवारण किया। शेष समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इस मौके पर डीएसपी मुख्यालय रविंद्र सिंह और थाना प्रभारी कठुआ संदीप चिब भी उपस्थित रहे।