कठुआ। कठुआ के लखनपुर में प्रदेश में दाखिल हुई कार से तीन करोड़ 36 लाख रुपये की बरामदगी मामले में जांच फिलहाल आयकर विभाग की ओर से शुरू की गई है। आयकर विभाग इतनी भारी भरकम राशि के स्रोत की पूछताछ करने में जुटा हुआ है। इसे लेकर कार सवार को समन भी जारी किया गया है।
अपना कैंप कार्यालय लखनपुर पुलिस थाने को ही बनाते हुए आयकर टीम देर शाम तक दोनों युवकों से कैश के संबंध में पूछताछ करती रहीं। टीमें यह जानने का प्रयास कर रही हैं कि इतनी बड़ी राशि को आखिर कहां से अर्जित किया गया और इसके बाद कहां ले जाया जा रहा था। उधर, सूत्रों की मानें तो तो आयकर विभाग की पूछताछ और जांच के बाद ही पुलिस इस निष्कर्ष पर पहुंचेगी कि मामला किस ओर बढ़ाया जाना है। कार सवार युवा यदि कैश के स्रोत का सही ब्यौरा दे पाते हैं तो वो इसे ले जाने के हकदार होंगे अन्यथा इतनी बड़ी राशि को अर्जित करने और फिर इसे जम्मू-कश्मीर के कश्मीर संभाग में ले जाने को लेकर अन्य पहलुओं पर विभिन्न एजेंसियों की ओर से जांच शुरू की जा सकती है।