रामकोट तहसील के पंचायत हल्का लाखडी के हमदाना गांव में बीती रात चोरों ने एक ट्रांसफार्मर को अपना निशाना बनाते हुए उसमें से तेल चोरी कर लिया।
इस वजह से पूरा गांव अंधेरे में डूब गया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से ट्रांसफार्मर को ठीक कर जल्द बिजली सेवा बहाल करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह जब लोगों की नींद खुली तो देखा कि गांव में काफी लो वोल्टेज था। उन्होंने इसकी जानकारी इलाके के लाइनमैन को दी।
लाइनमैन ने ट्रांसफार्मर की जांच करने पर पाया कि उसमें तेल नहीं था। लिहाजा ट्रांसफार्मर को खराब होने से बचाने के लिए तुरंत बिजली सप्लाई बंद करवानी पड़ी। लाइनमैन के मुताबिक गांव में बिजली सप्लाई के लिए 100 केवी का ट्रांसफार्मर लगाया गया था। जिमसें करीब सौ लीटर तेल था।
जिसकी कीमत 18 हजार रुपये के आसपास बताई जा रही है। ये ट्रांसफार्मर से तेल चुराने की को पहली घटना नहीं है। इससे पहले भई कठुआ शहर में कई ट्रांसफार्मरों को चोर अपना निशाना बना चुके हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की है।