भागथली में मजदूरों की घर वापसी से छाई विरानी। संवाद
- फोटो : kathua
कठुआ। पाकिस्तान की ओर से हमला और रात भर लगातार धमाकों की आवाज के बाद कठुआ जिले से मजदूर वर्ग की बड़े पैमाने पर सुबह घर वापसी शुरू हो गई। परिवार की बढ़ती चिंता के बीच दो वक्त की रोटी कमाने आए इस वर्ग के लोगों ने परिवार के बीच लौटने का फैसला किया। इसका सीधा असर दिल्ली - कटड़ा एक्सप्रेस वे, हाईवे के विस्तारीकरण, गैस पाइपलाइन परियोजना समेत अन्य विकास परियोजनाओं पर पड़ा है।
एक्सप्रेस वे परियोजना से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि स्टाफ को जैसे तैसे रोकने का प्रयास किया गया है, लेकिन मजदूर वर्ग ने पूरी तरह से वापसी कर ली है। इसका सीधा असर दिल्ली कटड़ा एक्सप्रेस-वे परियोजना की रफ्तार पर पड़ेगा। शुक्रवार सुबह से एक मजदूर काम पर नहीं आए। कठुआ में इस परियोजना से लगभग 700 मजदूर प्रत्यक्ष रूप से और इनसे जुड़े दोगुने लोग कठुआ में रह रहे थे। उन्हें लखनपुर में सड़क मार्ग से तो वहीं गोविंदसर में ट्रेन से वापसी करते देखा गया। उधर, गैस पाइपलाइन परियोजना का कूटा के पास चल रहा काम प्रभावित हुआ। यहां से कामगार वापस लौट गए हैं। बरेली से कठुआ में आईओसीएल के साथ काम करने आए मोहम्मद आजम ने बताया कि रात से ही परिवार चिंतित है। हालांकि यहां इतने हालात खराब नहीं थे, लेकिन बाजार बंद हो रहे हैं और अब स्थिति सामान्य होती नजर नहीं आ रही है। ऐसे में वापसी का फैसला लिया है। परिवार की चिंता को देखते हुए पहले सुरक्षित रहना है। हालात ठीक होंगे तो फिर काम के लिए आएंगे। उधर, रोपड़ से आए नरेंद्र सिंह ने बताया कि गैस पाइपलाइन का काम उन्हें यहां खींच लाया था और अब काम बंद होने के बाद घर वापसी कर रहे हैं। संवाद