आयोजनों की बुकिंग रद्द, डिलीवरी कंपनियां लौटा रहीं सामान
कठुआ। भारत पाकिस्तान के बीच युद्ध जैसे हालात ने जम्मू-कश्मीर में जरूरी सामान की सप्लाई के अलावा कारोबार को बुरी तरह से प्रभावित किया है। हाईवे पर शाम ढलने के बाद वाहनों की आवाजाही प्रभावित हाेने का असर ऑनलाइन कारोबार पर पड़ा है।
ऑनलाइन खरीदारी के बाद डिलीवरी पहुंचाने वाली कई कंपनियों ने आर्डर वापस करना या रास्ते से ही लौटाना शुरू कर दिया है। उधर, स्थानीय व्यापार भी मंदी की मार झेल रहा है। फल, सब्जी की सप्लाई पर जहां असर पड़ रहा है। वहीं दवा, किराना और अन्य जरूरी सामान को छोड़कर बाजार में पूरी तरह से वीरानी छाई है। होटल व्यवसाय भी संकट में आ गया है। रेस्त्रां में शाम के समय की रौनक पूरी तरह से गायब है। वहीं, सात बजे के बाद आर्डर लेने की प्रक्रिया भी बंद की जा रही है। स्थानीय होटल व्यवसाय से जुड़े महावीर सिंह ने बताया कि पहले दिन पाकिस्तानी गोलाबारी के बाद से ही होटल के कमरे खाली होना शुरू हो गए थे। इस समय तक होटल पूरी तरह से खाली हैं। यहां तक कि स्थानीय आयोजनों की एडवांस बुकिंग भी रद्द करवाई जा रही हैं। पर्यटन सीजन से पहले पहलगाम और अब पाकिस्तानी गोलाबारी से व्यवसाय पर बुरी तरह से असर पड़ा है। संवाद