कठुआ। जिले के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान में आने वाले गंभीर रूप से बीमार मरीजों को अब हाईटेक क्रिटिकल केयर की सुविधा उपलब्ध हो पाएगी। इसका शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजराज के राजकोट से वर्चुअली कर दिया है। रविवार को जीएमसी कठुआ में इस प्रसारण को सुनने के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें डीसी डॉ. राकेश मिन्हास, एडीसी रंजीत सिंह, जीएमसी कठुआ के प्रधानाचार्य डॉ. सुरेंद्र अत्री, जीएमसी कठुआ के सहायक अस्पताल की अधीक्षक डॉ. संजीता अजरावत और स्वास्थ्य विभाग के कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इस मौके पर जीएमसी कठुआ के प्रधानाचार्य डॉ. सुरेंद्र अत्री ने बताया कि जीएमसी में 50 बेड वाली हाईटेक क्रिटिकल केयर ब्लॉक के निर्माण से स्वास्थ्य सुविधाओं ने बड़ा इजाफा होगा। नए ब्लॉक में आईसीयू, आइसोलेशन बेड के अलावा वेंटिलेटर व ऑक्सीजन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी, जो कि गंभीर रूप से बीमार मरीजों के उपचार में सहायक होंगी। इसके लिए अलग से चिकित्सकों की तैनाती की जाएगी। इस नए बनने वाले हाईटेक क्रिटिकल केयर ब्लॉक के निर्माण में 23 करोड़ 75 लाख रुपये खर्च होंगे।
इस मौके पर विशेष रूप से मौजूद प्रदेश भाजपा सोशल मीडिया सेल के सहप्रभारी मंजीत सिंह जसरोटिया ने अपनी खुशी का इजहार करते हुए पूरे देश में मोदी सरकार ढांचागत सुविधा को बढ़ाने के अपने कार्यकाल में लगातार काम कर रही है। इसमें शिक्षा, परिवहन, रोजगार के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए काम किया जा रहा है। इसका परिणाम कठुआ में हाईटेक क्रिटिकल केयर ब्लॉक के रूप में देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि कठुआ जिले के जीएमसी में मिलने वाली ऐसी सहूलियत का फायदा स्थानीय मरीजों के साथ-साथ पंजाब और हिमाचल प्रदेश के मरीजों को भी मिलेगा। उन्होंने जीएमसी कठुआ में आने वाली इस सुविधा का सेहरा केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के सिर रखते हुए कहा कि अपने दस साल के कार्यकाल में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पदचिन्हों पर चलते हुए कठुआ के विकास में अहम योगदान दिया है।