फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kathua News: जिले भर में खूब उड़ा गुलाल, डीजे पर जमकर थिरके युवा

विज्ञापन
कठुआ के पुराने गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल के पास होली खेलते युवा।
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

कठुआ। जिले भर में होली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। पूरा जिला विविध रंगों से सराबोर दिखाई दिया। वहीं, रमजान महीने के दूसरे जुमे को आने वाला पर्व हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल भी बना। विभिन्न मस्जिदों में नमाज अदा की गई। वहीं, कई स्थानों पर दोनों समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर आपसी प्रेम का उदाहरण प्रस्तुत किया।
शुक्रवार को शहर में दिनभर पानी से भरे गुब्बारे और पिचकारी के साथ बैठी टोलियां हर तरफ नजर आईं। जैसे ही उन्हें कोई दिखाई देता, एक साथ होली है कहते हुए रंगने के लिए दौड़ पड़तीं। सुबह से शुरू हुआ सिलसिला दिन चढ़ने के साथ परवान चढ़ा तो दोपहर होने के बाद त्योहार का रंग गाढ़ा होता गया। कुछ ऐसा ही हाल शहर से सटे गांवों और सुदूरवर्ती इलाकों में भी देखने को मिला। जहां होली पर रंग-गुलाल से रौनक देखने को मिली।
विज्ञापन

शहर में जगह-जगह युवाओं की टोलियां गुलाल उड़ाने के साथ डोल और डीजे की थाप पर थिरकती नजर आईं। इसकी वजह से शहर के मुख्य बाजार से लेकर चौक-चौराहों और आवासीय इलाके गुलजार रहे। पर्व पर काफी संख्या में लोगों ने अपने दिन की शुरूआत मंदिरों और देवस्थलों में पूजा-अर्चना के साथ की। इस दौरान सुबह सबसे पहले मंदिरों में जाकर सबके मंगलमय की प्रार्थना की। वहीं कई देवस्थलों पर सामूहिक होली का आयोजन भी किया गया। जहां किसी ने पिचकारी से किसी को निशाना बनाया तो कोई गुलाल से किसी के गाल लाल कर रहा था। कुल मिलाकर पूरा दिन होली के रंगों से पूरा वातावरण ही रंगीन हो गया।
शहर में होली पर श्री गणेश महोत्सव चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में उमड़े लोगों ने एक दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर पर्व की बधाई दी। वहीं इस दौरान युवाओं के लिए मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें भाग लेने वाले युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सामाजिक कार्यकर्ता शशि शर्मा ने सभी को पर्व की बधाई देते ट्रस्ट की पहल का स्वागत किया। जिसके माध्यम से समाज को एकजुट किया जा रहा है।


हिंदू मुस्लिम एकता की मिसाल दिखी

देश भर में रमजान महीने के दूसरे जुमे को आने वाली होली चर्चा की विषय रही। कठुआ धन्ना इलाके में रंगोत्सव ने देश की गंगा-जमुना तहजीब का उदाहरण प्रस्तुत किया। यहां मुस्लिम युवाओं ने जहां अपने हिंदू भाइयों को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। वहीं, हिंदू युवाओं में भी मुस्लिम भाइयों को रमजान और आने वाली ईद की मुबारकबाद दी।
जुमे की नमाज अदा करने के बाद एक-दूसरे को गुलाल से रंग रहे मोहम्मद शरीफ ने कहा कि बरसों से कठुआ जिले में हिंदू और मुस्लिम साथ-साथ प्रेमभाव से रहते आए हैं। हालांकि कुछ लोगों को यह रास नहीं आ रहा है। जो पिछले कुछ दिनों से ऐसी घटनाओं को अंजाम देकर इस एकता को तोड़ने की कोशिश कर रहे है। लेकिन आज का दृश्य ऐसा सोचने वालों के लिए एक तमाचा है।
उन्होंने कहा कि आज हमने पहले जुमे की नमाज अदा की है और इसके बाद होली भी मना रहे हैं। ऐसा हमारे देश में ही संभव है। वहीं, मीरचंद ने मुस्लिम भाइयों को रमजान की मुबारकबाद देते हुए कहा कि आज उन्होंने जिस तरह से होली मनाई है। उम्मीद करते हैं कि यह भाईचारा बना रहेगा और हम आने वाले वर्षों में भी इस तरह से अपने पर्व को मनाकर आपसी भाईचारे की मिसाल पेश करेंगे।
-
दूसरे जुमे की नमाज अदा की

दूसरे जुमे की नमाज कठुआ शहर के साथ जिले भर की विभिन्न मस्जिदों में अदा की गई। होली और जुमा एक साथ होने की वजह से मिश्रित आबादी वाले जिले में हालांकि मस्जिदों के बाद बाहर सुरक्षा के इंतजाम रहे। लेकिन इस दौरान मस्जिदों में नमाज शांतिपूर्वक अता की गई। शहर पारलीवंड स्थित जामा मस्जिद में अपने तय शुदा वक्त डेढ़ बजे ही नमाज अदा की गई।
विज्ञापन

इस दौरान सामूहिक नमाज से पूर्व होने वाली तकरीर में मौलाना जकी ने सभी नमाजियों से रूबरू हाेते हुए कहा कि आज हम जुमे की नमाज अता करने के लिए बड़ी संख्या में मस्जिदों में पहुंचे हैं। लेकिन हमको यह भी पता होना चाहिए कि आज होली भी मनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सही मायने में खुशी वह है जिससे दूसरों को भी खुशी मिले। उधर, बनी और लोआंग में भी रमजान के दूसरे जुमे की नमाज कड़ी सुरक्षा के बीच अदा की गई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें