हीरानगर। हिंदू सनातन एकता की ओर से रविवार को कस्बे में जागरूकता यात्रा निकाली गई। इसमें संत समाज के लोगों के अलावा स्थानीय लोग और विधायक विजय शर्मा भी शामिल हुए। शांति निकेतन आश्रम से यह धार्मिक यात्रा शुरू हुई।
कस्बे के मुख्य बाजार से होते हुए दीप चौक से होकर यात्रा तहसील मुख्यालय के आगे से गुजरी और सुल्ताना चौक में पहुंचकर समाप्त हुई। यात्रा की अगुवाई कर रहे संजय कृष्ण शास्त्री ने बताया की सनातनियों को एकजुट करने के उद्देश्य से इस यात्रा का आयोजन किया गया है ताकि लोगों को जागरूक किया जा सके। सभी हिंदू सनातनी हैं और सबको एकजुट होना चाहिए। जात-पात को छोड़कर जब सब सनातनी एक हो जाएंगे तो विधर्मी सनातन को कोई नुकसान नहीं पहुंचा सकते। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी सनातनियों में जागरूकता के लिए इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहेगा।